कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
तेज रफ्तार का कहर: फोरलेन हादसे में दो किशोरों की मौत, एक गंभीर
भागलपुर जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रसूलपुर थाना क्षेत्र के फोरलेन सड़क के पास मर के समीप हुआ, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।
मृतकों की पहचान सचिन कुमार (16 वर्ष), पिता सुभाष मंडल, ग्राम एकचारी, थाना रसूलपुर, जिला भागलपुर तथा अभिषेक कुमार (15 वर्ष), ग्राम कटोरिया, थाना कटोरिया, जिला बांका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने ननिहाल में मेला देखने आया हुआ था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सचिन कुमार अपनी बहन के साथ रात में खाना खाने के बाद मेला घूमने गया था। मेला घूमने के बाद उसने अपनी बहन को सुरक्षित घर पहुंचा दिया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ दोबारा मेला देखने के लिए निकला। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक वाहन को देखकर बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे के वक्त बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों किशोरों ने दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर, पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
.png)




