सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
ट्यूनिंग कार्यक्रम से निखरी प्रतिभाएं, कसबा व वारसाबाद विद्यालयों ने संयुक्त रूप से रचा शैक्षणिक समागम का उदाहरण
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के +2 उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय वारसाबाद एवं +2 अनुप देवी कन्या उच्च विद्यालय, कसबा के संयुक्त तत्वावधान में ट्यूनिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कसबा विद्यालय मेजबान तथा वारसाबाद विद्यालय अतिथि के रूप में शामिल रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ कसबा विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक माहौल में हुई, जहां कसबा विद्यालय की छात्राओं शिवानी कुमारी, खुशी एवं अर्चना ने हारमोनियम की मधुर धुन पर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। इस दौरान वारसाबाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लेखनी कुमारी, वरिष्ठ शिक्षक संजय यादव, नोडल शिक्षक अनुराग कुमार एवं रोहित कुमार को सम्मानपूर्वक मंच पर आमंत्रित किया गया।
अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक पवन कुमार ने ट्यूनिंग कार्यक्रम की रूपरेखा एवं निर्धारित शेड्यूल की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य को स्पष्ट किया। वहीं, अतिथि प्रधानाध्यापिका लेखनी कुमारी ने बालिका शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने का संदेश दिया। उन्होंने अपनी रचित कविता “महामानव बनो तुम” की पंक्तियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं उच्च आदर्शों के प्रति जागरूकता उत्पन्न की, जिससे पूरा सभागार प्रेरित हो उठा।
वरिष्ठ शिक्षक संजय यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमितता एवं जिम्मेदारी का महत्व समझाया। वहीं नोडल शिक्षक अनुराग कुमार ने ट्यूनिंग कार्यक्रम की उत्पत्ति, उद्देश्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों में शैक्षणिक, सामाजिक और नैतिक गुणों के समन्वय का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में उस समय और गरिमा बढ़ गई जब कसबा विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं हाल ही में सेवानिवृत्त विवेकानंद झा भी उपस्थित हुए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। संबोधन सत्र के बाद विज्ञान प्रयोगशाला गतिविधि, पेंटिंग, कबड्डी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी प्रतियोगिताओं में संतुलित प्रदर्शन के आधार पर दोनों विद्यालयों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
अंत में प्रतिभागियों को प्रधानाध्यापिका लेखनी कुमारी द्वारा मेडल, शील्ड एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के समन्वय का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।




