प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
पुलिस की त्वरित कार्रवाई , घंटों में चोरी की ई-रिक्शा बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार
बांका जिलो के अमरपुर प्रखंड के भरको हाट के समीप रविवार की दोपहर हुई ई-रिक्शा चोरी की घटना का अमरपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की गई ई-रिक्शा बरामद कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़ी जानकीपुर गांव निवासी टुन्नी यादव के 23 वर्षीय पुत्र सावन यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के डिमैय गांव निवासी वरुण झा ने रविवार को थाने में आवेदन देकर अपनी ई-रिक्शा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे सवारी लेकर भरको हाट आए थे और वाहन खड़ी कर खरीदारी करने लगे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनकी ई-रिक्शा चोरी कर ली। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अमरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि बड़ी जानकीपुर गांव के एक घर में चोरी की ई-रिक्शा छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर वाहन बरामद कर लिया और मौके से आरोपी सावन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक पूर्व में भी चोरी के दो मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। इस मामले में कांड संख्या 180/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।



