कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट,भागलपुर
भीषण आग से मचा हड़कंप, दो घर जलकर राख — लाखों की संपत्ति स्वाहा
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत परशुरामपुर पंचायत में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज और भयावह थीं कि देखते ही देखते दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार पंचायत निवासी विद्यानंद यादव और नारद यादव का फूस और चाचरी से बना घर आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने से दोनों परिवारों का घर में रखा दैनिक उपयोग का सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन समेत अन्य आवश्यक सामग्री जलकर राख हो गई। इस घटना से दोनों परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया पवन यादव तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता और मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें इस संकट की घड़ी में राहत मिल सके।

