Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

किराना दुकान में भीषण आग, 4.50 लाख का नुकसान; पीड़ित ने जताई साजिश की आशंका

     कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

किराना दुकान में भीषण आग, 4.50 लाख का नुकसान; पीड़ित ने जताई साजिश की आशंका

भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक किराना एवं जनरल स्टोर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा सारा सामान—चावल, तेल, किराना, फास्ट फूड एवं श्रृंगार सामग्री—देखते ही देखते जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 4.50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुकान कृष्णा कुमार राज की पत्नी मुन्नी देवी के नाम से संचालित थी। घटना के समय कृष्णा कुमार राज पटना में थे। सोमवार सुबह उन्हें स्थानीय निवासी प्रकाश मंडल द्वारा फोन पर घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद उन्होंने परिजनों को अवगत कराया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास किया। 

बाद में अग्निशमन दल के पहुंचने पर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का पूरा सामान जल चुका था। इधर, पीड़ित कृष्णा कुमार राज ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों द्वारा आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन उन्हें इस पर संदेह है।

 उनका आरोप है कि मोहनपुर निवासी दिलखुश नामक युवक उनकी बेटी संध्या से जबरन बातचीत करना चाहता था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। पीड़ित के अनुसार, उक्त युवक ने दुकान जलाने और बेटी को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। कृष्णा कुमार राज ने बताया कि पटना से लौटने के बाद वे एकचारी थाना में लिखित आवेदन देंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |