प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बिजली पोल से टकराई बाइक, 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
अमरपुर थाना क्षेत्र के तारडीह पुल के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के सिंहनान पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर (19) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के बड़े भाई भवेश कुमार ने बताया कि सुनील कुमार ठाकुर घरेलू काम से अपनी बाइक से अमरपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान जब वह तारडीह पुल के समीप पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को संभाला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत उसके परिजनों और एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद आयुष चिकित्सक डॉ. ज्योति भारती ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां संयुक्ता देवी, बड़े भाई भवेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में अपने जवान बेटे का शव देखते ही मां संयुक्ता देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मृतक के भाई ने बताया कि सुनील के कुछ दोस्त उसे जबरन नशे की लत लगाने की कोशिश कर रहे थे। परिवार के लोग उसे नशा करने से रोकते थे, लेकिन उसके दोस्त अक्सर फोन कर उसे अपने साथ बुला लेते थे।
इधर घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दी गई। अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। साथ ही परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





