सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
बजट सत्र में सियासी घमासान , तेजस्वी यादव का NDA पर ₹40,000 करोड़ खर्च का आरोप, नीतीश कुमार का तीखा जवाब
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार राजनीतिक टकराव देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सत्ताधारी NDA गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद सदन का माहौल गरमा गया।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान तेजस्वी यादव ने दावा किया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को हराने के लिए NDA ने लगभग ₹40,000 करोड़ रुपये खर्च किए। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय बताते हुए कहा कि यह जनता की हार और “सत्ता तंत्र” की जीत है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावी फायदे के लिए लोक-लुभावन योजनाओं और फ्रीबीज के माध्यम से जनता को प्रभावित करने की कोशिश की।
सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा, लोकतंत्र को अब ‘डर तंत्र’ में बदल दिया गया है, और राज्य में राजनीतिक माहौल पर सवाल उठाए। इसके अलावा उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध, हालिया NEET छात्रा की मौत तथा राज्य को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए जवाबदेही की मांग की।
तेजस्वी के आरोपों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने विपक्ष के नेता को बीच में टोकते हुए शांत रहने की हिदायत दी और कहा, तुम तो अभी बच्चा हो, चुपचाप बैठो… मैं तुम्हारे पिता के समय से राजनीति में हूं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सदन में कुछ देर तक शोर-शराबा और नोकझोंक का माहौल बना रहा।
बजट सत्र के दौरान हुए इस तीखे संवाद ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी दिनों में सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने की संभावना है।




