कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
भागलपुर में वाहनों पर नाम या विशेष शब्द लिखवाकर घूमने की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ अब विरोध का एक अनोखा तरीका सामने आया है। कार्मिक संघ से जुड़े लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया, जो शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार कार्मिक संघ के अध्यक्ष प्रतीक झुनझुनवाला के नेतृत्व में एक चार पहिया थार वाहन की नंबर प्लेट के ऊपर ‘रंगबाज’ लिखवाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
बताया जा रहा है कि उक्त वाहन का नंबर BR10 AP 7322 है। संघ के सदस्यों का कहना है कि सड़कों पर कई वाहन नियमों के विरुद्ध नाम, पद या विशेष शब्द लिखवाकर चल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण यह प्रवृत्ति लगातार बढ़ती जा रही है।
कार्मिक संघ के उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि यह कदम नियमों के पालन और समान व्यवस्था की मांग को लेकर उठाया गया प्रतीकात्मक विरोध है।
उनका कहना है कि जब तक अन्य वाहन मालिक अपनी गाड़ियों पर लिखे नाम या शब्द स्वयं नहीं हटाते या प्रशासन इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करता, तब तक वे भी अपने वाहन से ‘रंगबाज’ लिखा हुआ नेम प्लेट नहीं हटाएंगे।
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच वाहनों पर अनधिकृत लिखावट को लेकर बहस तेज हो गई है।
कई लोग इसे नियमों के प्रति जागरूकता का प्रयास मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसे विवादित तरीका बता रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।



