सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बेलारी गांव में घर में घुसे युवक को देशी कट्टा व जिंदा कारतुस को साथ पकड़ा, बंधक बनाकर पीटा, फिर पुलिस को सौपा
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के बेलारी गांव में सोमवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में घुसे युवक को घरवालों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे बंधक बनाकर जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, बेलारी गांव निवासी मो मुदसिर पिता मो. मुजमिल के घर में गांव के ही मो. एजाज उर्फ अनमोल पिता मो. महफूज सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में घुस गया। घरवालों की नजर पड़ते ही युवक बचने के लिए पलंग के नीचे छुप गया। परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और खोजबीन कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस मिलने की बात कही जा रही है।
हथियार मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और लोगों ने युवक को बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर दी। हालाकि पकड़े गए युवक के परिजन और उसके साथ कुछ ग्रामीणों ने बंधक बनाए युवक को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नही हो सके। बाद में स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शंभूगंज थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग कहानी सामने आई है।
आरोपी मो. एजाज उर्फ अनमोल का कहना है कि वह कलकत्ता में कपड़ा सिलाई करने का काम करते हैं और वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए घर गया था और उसे फंसाने के लिए जबरन देसी कट्टा और कारतूस थमा दिया गया। वहीं घर के मालिक मो मुदसिर का आरोप है कि कुछ महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और युवक हत्या की नीयत से हथियार लेकर घर में घुसा था।
शंभूगंज थाना अध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मो मुदसिर द्वारा लिखित आवेदन देने के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल गांव में पुलिस की नजर बनी हुई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।





