सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
12 हजार की रिश्वत लेते कनीय अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड कार्यालय परिसर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायती राज विभाग के कनीय अभियंता (तकनीकी सहायक) श्री हरिशंकर कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से विभागीय कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार निगरानी थाना कांड संख्या-018/26, दिनांक 10 फरवरी 2026 के तहत यह कार्रवाई की गई। परिवादी आर्यन काश्यप, पिता प्रमेन्द्र झा, निवासी बेहटा (बेनीपट्टी, मधुबनी) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके फार्म ‘काश्यप इंटरप्राइजेज’ द्वारा ग्राम पंचायत पाली मोहन, प्रखंड कलुआही में सेनेटरी वेंडिंग मशीन अधिष्ठापन योजना का कार्य पूरा कर लिया गया था। योजना के तहत लगभग 3 लाख रुपये के भुगतान के एवज में आरोपी कनीय अभियंता द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और बुधवार 11 फरवरी 2026 को कलुआही प्रखंड कार्यालय परिसर में आरोपी को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 18वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है, जिसमें ट्रैप से जुड़ा यह 16वां मामला है। अब तक कुल 12 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा करीब 7 लाख 27 हजार रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



