Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : गांधी आश्रम में राष्ट्रपिता की प्रतिमा खंडित, असामाजिक तत्वों की हरकत से क्षेत्र में आक्रोश

       प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार 

गांधी आश्रम में राष्ट्रपिता की प्रतिमा खंडित, असामाजिक तत्वों की हरकत से क्षेत्र में आक्रोश

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के शोभानपुर स्थित गांधी आश्रम में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने इसे गांधीवादी विचारधारा और राष्ट्रपिता के सम्मान पर सीधा हमला बताया है।

मामले को लेकर आश्रम के संचालक मनोज कुमार पांडेय (निवासी बैजानी गांव, बाईपास थाना क्षेत्र, भागलपुर) ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें मोबाइल फोन के जरिए सूचना मिली कि आश्रम परिसर में लगी गांधी जी की प्रतिमा को तोड़फोड़ कर खंडित कर दिया गया है। सूचना मिलते ही जब वह आश्रम पहुंचे तो देखा कि प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त था।

उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि शनिवार की संध्या 12 से 15 वर्ष आयु के तीन-चार अज्ञात लड़कों को आश्रम की ओर जाते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

घटना के बाद आश्रम संचालक ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रतिमा की जल्द मरम्मत कराने की भी अपील की है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |