सुबोध सिंह APP न्यूज ,ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पुल के नीचे गिरी बाइक, जीजा-साला की दर्दनाक मौत
बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना वीरना पुल के समीप हुई, जहां पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक सहित पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरे, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बेलहर थाना क्षेत्र के सुरा निवासी सुशील यादव के पुत्र विलास यादव उर्फ बुंदेली यादव तथा बदला निवासी तहलू यादव के पुत्र त्रिवेणी यादव के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे और पेशे से हलवाई का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, वे झाझा थाना क्षेत्र के सहिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में खाना बनाने गए थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वीरना पुल के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची बेलहर थाना पुलिस ने दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीजा-साला की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है।



