कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर
बंद कमरे में युवक का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरमारी गांव में एक युवक का शव उसके ही घर के बंद कमरे से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय रौशन कुमार के रूप में हुई है, जो महेंद्र तांती के इकलौते पुत्र थे। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को जब रौशन कुमार ने काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो उनकी मां पूनम देवी को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर रौशन का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी पंकज कुमार और पीरपैंती थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया।
मृतक की मां पूनम देवी ने बताया कि रौशन पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद के कारण तनाव में था। आरोप है कि वह शराब के नशे में घर आकर तोड़फोड़ करता था और पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। इसी वजह से उसकी गर्भवती पत्नी मायके में रह रही है। घटना से पहले भी वह नशे की हालत में विवाद कर रहा था, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया और वह अपने कमरे में सोने चला गया।
डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



