कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत अठनिया गांव में खेत की सिंचाई के दौरान बिजली का करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अंग्रेज यादव के पुत्र गोपाल कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार गोपाल कुमार यादव को उसके पिता ने खेत में पटवन (सिंचाई) के लिए भेजा था। बताया जाता है कि वह करीब दो घंटे से खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान बिजली से चलने वाली मोटर को खोलने के क्रम में अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था।
मृतक गोपाल कुमार यादव नवोदय विद्यालय का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार वह परिवार की उम्मीदों का सहारा था। दुखद बात यह है कि गोपाल दो भाइयों में छोटा था और करीब दो वर्ष पहले उसके बड़े भाई की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। अब इस परिवार में केवल माता-पिता ही बचे हैं, जिससे गांव में गहरी संवेदना देखी जा रही है।
समाजसेवी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सुबह अचानक गांव में युवक की मौत की खबर फैलते ही लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी माहौल बना हुआ है।


