प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार
मंदिर में श्रद्धा के बीच वारदात: पूजा के दौरान महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ले गईं शातिर चोर, CCTV में कैद हुई घटना
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित सुप्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगौर नाथ महादेव मंदिर परिसर में पूजा के दौरान चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ और आस्था के माहौल का फायदा उठाकर शातिर महिला चोरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी सुमन भगत की पत्नी नेहा कुमारी मंगलवार को अपने पति के साथ बाबा ज्यैष्ठगौर नाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। पूजा संपन्न करने के बाद जब वे मंदिर से बाहर निकलीं, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके गले में पहनी एक भर सोने की चेन गायब है। इसके बाद उन्होंने तुरंत मंदिर समिति को घटना की जानकारी दी।
मंदिर समिति के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि पूजा के दौरान दो अज्ञात महिला चोर बड़ी चालाकी से पीड़िता के गले से सोने की चेन खोल रही हैं और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो जाती हैं।
पीड़िता ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग उठने लगी है।




