सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
बाबा ज्येष्ठ गौर नाथ महादेव मंदिर में ‘ब्लड ग्रुप’ पुस्तक का विमोचन, वैज्ञानिक सोच पर दिया गया जोर
अमरपुर स्थित बाबा ज्येष्ठ गौर नाथ महादेव मंदिर परिसर में एक धार्मिक एवं शैक्षणिक माहौल के बीच लेखक डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव द्वारा लिखित पुस्तक ‘ब्लड ग्रुप’ का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्वानों और शिवभक्तों ने पुस्तक को ज्ञानवर्धक बताते हुए छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया।
मुख्य वक्ता श्री चंद्रशेखर झा ने कहा कि बाबा भोलेनाथ से बढ़कर दुनिया में कोई नहीं है। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम, राजा जनक और विद्वान रावण जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से ज्ञान प्राप्त कर समाज को दिशा दी। बाबा भोलेनाथ अनेक नामों से पूजित हैं और उनके आशीर्वाद से ही ज्ञान व भक्ति की परंपरा मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान लेखक डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव ने बताया कि पुस्तक ‘ब्लड ग्रुप’ में छात्रों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से सरल भाषा और सहज उदाहरणों का प्रयोग किया गया है। उन्होंने युवाओं से समय मिलने पर पुस्तक पढ़कर ज्ञान बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर चंद्रशेखर झा, रौजी बाबा, लेखक डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव सहित कई शिवभक्त एवं स्थानीय लोग मंदिर प्रांगण में उपस्थित रहे। कार्यक्रम आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।



