सूरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
रहस्यमयी मौत से सनसनी: हॉस्टल की छत से गिरकर 12वीं की छात्रा की मौत
CCTV में दो युवक, हत्या की आशंका पर जांच तेज
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर इलाके में गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को एक हॉस्टल/कोचिंग सेंटर से जुड़ी 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा चौथी मंजिल की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृत छात्रा की पहचान बिहार के सीवान जिले की रहने वाली के रूप में हुई है। वह पटना में रहकर 12वीं कक्षा की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद पुलिस को मौके से महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें छात्रा के साथ दो युवक हॉस्टल की छत पर नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर, छात्रा के परिजनों ने घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार किया है। मृतका के पिता और भाई ने आरोप लगाया है कि छात्रा की हत्या कर उसे छत से नीचे फेंका गया है। उनका कहना है कि छात्रा के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया है। वहीं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।



