प्रिंस APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट बांका (बिहार);
समाहरणालय में ट्रांसजेंडर सुविधा केंद्र और ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल की हुई बैठक
जिला बाल संरक्षण इकाई, बांका की ओर से समाहरणालय में बुधवार को ट्रांसजेंडर सुविधा केंद्र और ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक अभय कुमार ने की। उन्होंने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की जानकारी दी। बताया कि ट्रांसजेंडर जेंडर सर्टिफिकेट और आईडी कार्ड के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर अब तक 7 आवेदन मिले हैं। इनमें से 4 को प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। 3 आवेदन शपथ पत्र में गलती के कारण अस्वीकृत किए गए हैं।
अभय कुमार ने बताया कि सरकारी नौकरी में ट्रांसजेंडर समुदाय को आरक्षण का प्रावधान है। उनके लिए कई सरकारी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं और नौकरी में आरक्षण का लाभ लेने के लिए ट्रांसजेंडर प्रमाण पत्र जरूरी है। समाहरणालय भवन के द्वितीय तल पर जिला बाल संरक्षण इकाई, बांका में ट्रांसजेंडर सुविधा केंद्र संचालित है। ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग यहां आकर जानकारी और सहायता ले सकते हैं।
बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने सुझाव दिया कि सभी थानों में एक पुलिस पदाधिकारी को नामित किया जाए, जो ट्रांसजेंडर सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी अनुरोध किया। बैठक में बाल संरक्षण पदाधिकारी और अन्य सदस्य भी मौजूद थे।