गौतम कुमार APP न्यूज तारापुर, मुंगेर (बिहार)
मौनी अमावस्या पर कांवरिया पथ पर मिथिलांचल के श्रद्धालुओं की भारी भीड़, बाबा बैद्यनाथ को तिलक चढ़ाने की परंपरा
मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर मुंगेर जिले के तारापुर संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र के कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। खासतौर पर मिथिलांचल के कांवरियों की अलग ही छटा देखने को मिल रही है। बांस से बने पारंपरिक कांवर के साथ ये श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगा जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर रवाना हो रहे हैं। इनकी श्रद्धा और आस्था का यह सफर वर्षों से चला आ रहा है, जो बसंत पंचमी के दिन देवघर में विशेष तिलक चढ़ाने की परंपरा से जुड़ा हुआ है।
मिथिलांचल के कांवरियों की अनूठी परंपरा
हर साल इस समय मिथिलांचल के हजारों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने निकलते हैं। इनकी टोली रास्ते में जहां रुकती है, वहीं लकड़ी काटकर समूह में भोजन बनाती है और बाबा धाम तक की यात्रा पूरी करती है। खास बात यह है कि ये कांवरिये बसंत पंचमी के दिन बाबा बैद्यनाथ को तिलक चढ़ाने की परंपरा निभाते हैं। मान्यता के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन मिथिला के श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ को तिलक अर्पित करते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। ऐसा माना जाता है कि यह तिलक चढ़ाने की रस्म बाबा बैद्यनाथ के ससुराल पक्ष की ओर से होती है। इसके बाद श्रद्धालु शिवरात्रि के दिन बाबा बैद्यनाथ के विवाह महोत्सव में शामिल होने का संकल्प लेकर वापस लौटते हैं।
भक्ति और आस्था का अनोखा संगम
कांवरिया पथ पर इन श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। गाड़ियों में खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेकर चलने वाली ये टोलियां जहां-जहां रुकती हैं, वहीं भजन-कीर्तन और शिव नाम संकीर्तन का आयोजन होता है। मिथिलांचल के कांवरियों की इस विशेष परंपरा ने देवघर की धार्मिक यात्रा को और भी विशिष्ट बना दिया है। बाबा बैद्यनाथ धाम में बसंत पंचमी के अवसर पर जलाभिषेक और तिलक चढ़ाने की यह परंपरा आने वाले वर्षों में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी रहेगी।
.png)


