सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, दबंगो ने महिला का सिर फूटा
शंभूगंज थाना क्षेत्र के पहलानपुर गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज अस्पताल में कराया गया। मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पहलानपुर गांव निवासी उमेश ठाकुर के पुत्र और गांव के ही सत्यनारायण ठाकुर के पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों बच्चों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान झगड़ा शांत कराने के उद्देश्य से उमेश ठाकुर की पत्नी पूजा देवी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सत्यनारायण ठाकुर ने गुस्से में आकर पूजा देवी पर कुदाल के बैट से हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि पूजा देवी का सिर फट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जख्मी अवस्था में पूजा देवी को लेकर परिजन शंभूगंज थाना पहुंचे, जहां मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
इस मामले को लेकर घायल पूजा देवी ने शंभूगंज थाना में आवेदन देकर सत्यनारायण ठाकुर के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी ने जान मारने की नीयत से उन पर हमला किया। वहीं दूसरी ओर आरोपी सत्यनारायण ठाकुर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो मामला और गंभीर हो सकता था। इधर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
.png)





