प्रिंस APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट बांका (बिहार)
भू समाधान पोर्टल और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की समाहरणालय सभागार में बैठक कर हुई समीक्षा
भू-समाधान पोर्टल और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में हुई। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने की। बैठक में भू-समाधान पोर्टल पर लंबित और निष्पादित मामलों की स्थिति, थाना के लिए भूमि की उपलब्धता, व्यवहार न्यायालय में सरकारी भूमि स्वत्व से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
इन मामलों में अंचल अधिकारियों की उपस्थिति और साक्ष्य की जरूरत पर जोर दिया गया।सीपीग्राम्स, मुख्यमंत्री जनता दरबार, सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सरकारी भूमि से जुड़े स्वत्व वादों में अंचल अधिकारी एजीपी से समन्वय कर सरकार का पक्ष रखें। अपर समाहर्ता को बांका अंचल के लंबित वादों की समीक्षा कर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश दिए गए। सभी थानाध्यक्षों को कार्रवाई तेज करने को कहा गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को लगातार अनुश्रवण और क्रियान्वयन का निर्देश मिला।दीवानी और क्रिमिनल वादों की भी समीक्षा हुई। सभी थाना को नीलम पत्र वादों से जुड़े नोटिस की तामिला और वारंट के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। सीपीग्राम्स मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, मुख्यमंत्री जनता दरबार और सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी मामलों में शीघ्र प्रतिशपथ पत्र दायर करने को कहा गया। एमजेसी मामलों में तत्काल कार्रवाई कर तथ्य विवरणी जमा करने का निर्देश दिया गया।
मद्यनिषेध की समीक्षा में अधिहरण वादों की सुनवाई कर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। शराब विनिष्टीकरण की समीक्षा में पाया गया कि कई थाना क्षेत्रों में 15 दिन से अधिक समय से शराब का विनिष्टीकरण नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला अभियोजन पदाधिकारी, सरकारी अधिवक्ता, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद थे।